बेमेतरा जिले के धनगांव में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता और शहीद जवानों की श्रद्धांजलि सभा का बुधवार को समापन हुआ. प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से पहुंची रामधुनी मंडलियों ने भगवान श्रीराम के भजनों और धार्मिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन किया.

कबीरधाम जिले की पेंड्रीतराई मंडली ने प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया. मुंगेली की कन्हारपुर मंडली दूसरे, बेमेतरा की कटई तीसरे, धमतरी की पोड़ी चौथे और मुंगेली की पीड़ा मंडली पांचवें स्थान पर रही. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मंडलियों को सम्मानित किया गया.

शहीद जवानों को तर्पण-अर्पण

आयोजन के दौरान नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष में शहीद हुए जवानों के लिए तर्पण-अर्पण और श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. आयोजकों के अनुसार, पितृ पक्ष के अवसर पर शहीद जवानों के लिए यह पहला तर्पण कार्यक्रम था.

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शहीदों को याद करना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि देना और उनकी सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करना है. उन्होंने वर्ष 2000 से नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष में हुए बलिदानों को स्मरण करना महत्वपूर्ण बताया.

धनगांव के विकास के लिए 20 लाख की घोषणा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल और विधायक दीपेश साहू व ईश्वर साहू समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. विजय शर्मा ने धनगांव में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की.

छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष संत राजीव लोचन दास ने आयोजन में सहयोग के लिए समाजसेवियों, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का आभार जताया. दो दिनों तक गांव में रामधुनी के भजनों और धार्मिक प्रस्तुतियों का माहौल बना रहा.