धनबाद के धैया स्थित ठाकुरकुल्ही छठ पूजा तालाब परिसर में भव्य सूर्य मंदिर के निर्माण की शुरुआत की गई. निर्माण समिति के कार्यक्रम में समाजसेवी कुम्भनाथ सिंह और श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया.
समिति के अनुसार, मंदिर का निर्माण दिल्ली के लोटस टेंपल की तर्ज पर किया जाएगा. इसके गर्भगृह में सात घोड़ों के रथ पर विराजमान भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित करने की योजना है. निर्माण कार्य को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
आयोजकों ने बताया कि मंदिर की डिजाइन और निर्माण में अनुभवी इंजीनियरों तथा आर्किटेक्ट की मदद ली जाएगी. ठाकुरकुल्ही छठ तालाब परिसर को विद्युत सज्जा से आकर्षक बनाने की भी योजना है.
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मंदिर को धार्मिक आस्था के साथ-साथ पूरे कोयलांचल के आकर्षण का केंद्र बनाने का प्रयास किया जाएगा. निर्माण के लिए समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्र के लोगों से सहयोग लेने की बात कही गई. कार्यक्रम में सूर्य मंदिर निर्माण समिति के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
