मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में चल रही सात दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने करवा चौथ को लेकर टिप्पणी की. सोमवार को ‘सीधी बात’ सत्र में एक भक्त ने उनसे करवा चौथ का व्रत रखने को लेकर सवाल पूछा था.
जवाब में धीरेंद्र शास्त्री ने मजाकिया अंदाज में करवा चौथ को ‘खसम पूजन दिवस’ कह दिया. उन्होंने कहा कि केवल एक दिन व्रत रखने के बाद बाकी 364 दिन पतियों को ताने नहीं देने चाहिए. उन्होंने ऐसे तानों के उदाहरण भी दिए, जिनमें शादी और पति को लेकर नाराजगी जताई जाती है.
शास्त्री ने कहा कि करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए जिस शिद्दत और साधना से प्रार्थना की जाती है, वही भावना पूरे साल भी बनी रहनी चाहिए. उनके अनुसार, तभी व्रत का उद्देश्य सार्थक और सफल होगा.
करवा चौथ पर संकल्प लेने की बात
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि करवा चौथ का व्रत रखना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा दौर में शास्त्रों में इसके बहुत कड़े विधान भले न मिलते हों, लेकिन इस दिन एक संकल्प जरूर लेना चाहिए. उनके बयान का केंद्र व्रत के साथ दांपत्य जीवन में सम्मान और संयम बनाए रखने की बात थी.
कथा में शामिल हुईं इमरती देवी
शिवपुरी में श्रीराम कथा के चौथे दिन भगवान श्रीरामलला का प्राकट्योत्सव मनाया गया. पूर्व मंत्री इमरती देवी भी कथा सुनने पहुंचीं और उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद लिया. कथा के दौरान भगवान श्रीराम के प्राकट्योत्सव से जुड़े बधाई गीत गाए गए. इमरती देवी श्रद्धालुओं के साथ कार्यक्रम में झूमती नजर आईं.
‘खसम’ शब्द का सामान्य अर्थ पति या शौहर होता है. यह शब्द हिंदी-उर्दू, पंजाबी और उत्तर भारत की कई लोकबोलियों में प्रचलित रहा है. संदर्भ के अनुसार इसका इस्तेमाल सामान्य, मजाकिया या व्यंग्यात्मक भाव में किया जा सकता है.
