सूरत की नवरात्रि में प्रस्तुति देने वाली गायिका ध्वनि परिख ने कहा है कि शहर के लोगों का प्यार और ऊर्जा उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है. उन्होंने बताया कि इस आयोजन में प्रस्तुति देना उनका तीसरा वर्ष है और हर बार मंच पर पहुंचने का अनुभव अलग होता है. उनके अनुसार मंच, साउंड सेटअप और दर्शकों के उत्साह का तालमेल कलाकारों में भी पूरा जोश भर देता है.
ध्वनि परिख ने कहा कि देश-विदेश में कार्यक्रम करने के बावजूद सूरत की नवरात्रि उनके लिए खास है. इसकी सबसे बड़ी वजह यहां के लोग हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद सूरत की रहने वाली हैं, इसलिए शहर के प्रति उनका लगाव स्वाभाविक रूप से अधिक है.
गरबा में भक्ति और बदलता आयोजन
गायिका के मुताबिक, पहले गरबा मुख्य रूप से शेरियों तक सीमित हुआ करता था, लेकिन अब भव्य डोम, रोशनी, सजावट और बड़े मंचों का चलन बढ़ा है. उन्होंने कहा कि Gen-Z युवाओं को फोटोग्राफी पसंद है और ऐसे आयोजन उन्हें इसके लिए बेहतर माहौल देते हैं.
ध्वनि परिख ने नवरात्रि को माता की आराधना बताया. उनके अनुसार उनके कार्यक्रमों में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़े रास और मां अंबा के गरबे शामिल रहते हैं. मंच पर जाने से पहले उनका लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना और दर्शकों को गरबे की धुन पर झूमने का मौका देना होता है.
उन्होंने किसी विशेष डाइट प्लान से इनकार करते हुए कहा कि खिलाड़ियों और दर्शकों का प्यार ही उनकी असली ऊर्जा है. सुरती खान-पान में उन्होंने रसावाला खमण, लोचो और मसाला समोसा पसंद बताया. संगीत की तैयारी में वह नियमित रियाज और परिवार, खासकर माता-पिता के सहयोग को अहम मानती हैं. उन्होंने कहा कि सूरत के खिलाड़ी पहले राउंड की तुलना में दूसरे राउंड में और अधिक उत्साह दिखाते हैं और मौका मिले तो सुबह पांच-छह बजे तक गरबा कर सकते हैं.
