पश्चिम बंगाल के दीघा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर परिसर के नाम से ‘धाम’ शब्द हटाया जाएगा. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि परिसर का नया नाम ‘श्री श्री जगन्नाथ कल्चरल सेंटर’ होगा, जबकि इसके भीतर स्थित मंदिर को ‘श्री श्री जगन्नाथ मंदिर’ कहा जाएगा.
यह फैसला ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के अनुरोध के बाद लिया गया. ओडिशा सरकार और पुरी मंदिर से जुड़े प्रतिनिधियों ने पहले आपत्ति जताई थी कि ‘जगन्नाथ धाम’ नाम का विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध पुरी से है.
अधिकारी ने बताया कि उन्होंने इस विषय पर इस्कॉन के संतों से भी चर्चा की थी. उनके अनुसार, दीघा परिसर का नामकरण सनातन परंपरा और संस्कृति के अनुरूप होना चाहिए.
नाम में बदलाव के बावजूद मंदिर में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पूजा निर्धारित परंपराओं और अनुष्ठानों के अनुसार जारी रहेगी. ओडिशा के मुख्यमंत्री ने निर्णय का स्वागत करते हुए इसे दोनों राज्यों के बीच धार्मिक संवेदनशीलता और सांस्कृतिक सम्मान से जुड़ा कदम बताया है.
