उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित द्रोणागिरी गांव हनुमान से जुड़ी एक अलग स्थानीय मान्यता के कारण चर्चा में रहता है. यहां ग्रामीण परंपरागत रूप से हनुमान की पूजा नहीं करते और गांव में उन्हें समर्पित मंदिर भी नहीं है. यह मान्यता रामायण में वर्णित संजीवनी बूटी की कथा से जुड़ी बताई जाती है.
समुद्र तल से करीब 3,658 मीटर की ऊंचाई पर बसा द्रोणागिरी पुराने पत्थर के घरों और ऊंचाई वाले ट्रेकिंग मार्गों के लिए जाना जाता है. स्थानीय विश्वास के अनुसार, राम-रावण युद्ध के दौरान लक्ष्मण के घायल होने पर हनुमान संजीवनी बूटी की तलाश में हिमालय पहुंचे थे. सही औषधीय पौधे की पहचान न कर पाने पर उन्होंने पूरा पर्वत उठाकर लंका ले जाने का फैसला किया था.
देश के कई हिस्सों में इस प्रसंग को हनुमान की शक्ति, भक्ति और साहस के उदाहरण के रूप में देखा जाता है. हालांकि, द्रोणागिरी की स्थानीय मान्यता में इस कथा का अर्थ अलग है. ग्रामीणों का विश्वास है कि जिस पर्वत को हनुमान ले गए थे, वह उनका पवित्र द्रोणागिरी पर्वत था और इस प्रक्रिया में पर्वत के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा. इसी वजह से गांव में हनुमान की पूजा से दूरी बनाए रखने की परंपरा विकसित हुई.
द्रोणागिरी की पहचान भोटिया सांस्कृतिक परंपराओं, पत्थर और स्लेट की छत वाले घरों, खेती तथा पशुपालन से भी जुड़ी है. आसपास द्रोणागिरी पर्वत, बागिनी ग्लेशियर और नंदीकुंड जैसे स्थल हैं.
गांव पहुंचने के लिए यात्रियों को पहले जोशीमठ, फिर सड़क मार्ग से जुम्मा जाना होता है. इसके बाद रुइंग से पैदल मार्ग लेकर द्रोणागिरी पहुंचा जा सकता है. यात्रा से पहले मौसम और ट्रेल की स्थिति की जानकारी लेने तथा स्थानीय अनुभवी गाइड रखने की सलाह दी जाती है.
