जूनागढ़ में गिरनार लिली परिक्रमा 20 नवंबर से शुरू होगी. पांच दिन चलने वाला यह धार्मिक आयोजन 24 नवंबर तक चलेगा. जिला प्रशासन के अनुसार, इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. परिक्रमा औपचारिक रूप से 20 नवंबर की मध्यरात्रि से शुरू होगी. दत्त चौक पर 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष बनाया गया है.

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2,200 से अधिक कर्मियों की तैनाती की है. आठ जोन में 40 पुलिस चौकियां बनाई गई हैं. व्यवस्था में सात डीएसपी, 26 पुलिस निरीक्षक, 75 पुलिस उपनिरीक्षक, 900 पुलिसकर्मी, 500 होमगार्ड और 700 ग्राम रक्षक दल के सदस्य शामिल होंगे. इसके अलावा राज्य रिजर्व पुलिस की एक कंपनी और एसडीआरएफ की एक प्लाटून भी तैनात रहेगी. मार्ग पर लाइव सीसीटीवी निगरानी और तीन आपातकालीन रास्तों की व्यवस्था की गई है.

बाहर से आने वाले वाहनों के लिए चार प्रवेश मार्ग, दो सार्वजनिक पार्किंग और छह निजी पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. भवनाथ क्षेत्र में एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू होगी. कुछ निर्धारित क्षेत्रों में निजी वाहनों के प्रवेश, पटाखों, खुले खाद्य पदार्थों और कचरा फैलाने पर प्रतिबंध रहेगा. आग और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए आठ स्थानों पर दमकलकर्मी, चालक, तैराक, दमकल वाहन और एंबुलेंस तैनात रहेंगी.

पानी, स्वच्छता और बिजली की व्यवस्था

पेयजल आपूर्ति के लिए 33 बोरवेल, नौ कुएं, सात हैंडपंप और 5,000 लीटर क्षमता वाली 50 पानी की टंकियां लगाई गई हैं. इनके संचालन के लिए 28 पंप और 30 डीजल जनरेटर रखे गए हैं. पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित क्लोरीनेशन और प्रयोगशाला जांच की जाएगी. जूनागढ़ नगर निगम 18 नवंबर से 43 लाख लीटर के भूमिगत जलाशय, दो ऊंची पानी की टंकियों, 18 बोरवेल और 10 हैंडपंप के जरिये आपूर्ति करेगा.

सफाई व्यवस्था के लिए 200 सफाईकर्मी और 17 पर्यवेक्षक चौबीसों घंटे काम करेंगे. सामुदायिक भवनों और अन्य स्थानों पर 2,522 शौचालय बनाए गए हैं. आठ स्थानों पर मुफ्त सार्वजनिक शौचालय, तीन मोबाइल शौचालय और दो भुगतान-आधारित शौचालय भी उपलब्ध रहेंगे. दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर लोगों के लिए अलग शौचालयों की व्यवस्था की गई है. कचरा उठाने के लिए पांच पिकअप वैन, तीन ट्रैक्टर, एक जेसीबी और एक डंपर लगाया जाएगा.

परिक्रमा मार्ग पर 400 से अधिक एलईडी फ्लडलाइट और छह डीजल जनरेटर लगाए गए हैं. वन मार्ग के 20 स्थानों पर अस्थायी सुरक्षा रोशनी की व्यवस्था की गई है. वन्यजीवों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में विशेष प्रकाश व्यवस्था रहेगी और पहली बार मालवेला घोड़ी की चोटी पर भी डीजल जनरेटर लगाया जाएगा.

चिकित्सा और परिवहन सुविधाएं

मार्ग पर 11 अस्थायी चिकित्सा केंद्र, आठ अतिरिक्त मेडिकल टीमें, छह स्थानों पर एंबुलेंस और दो मोबाइल स्वास्थ्य इकाइयां तैनात रहेंगी. नाकोड़ा अर्बन हेल्थ सेंटर में वेंटिलेटर से युक्त अस्थायी आईसीयू बनाया गया है, जबकि तिंबावाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के भर्ती होने की सुविधा रहेगी. बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए रक्तचाप और हृदय संबंधी जांच की जाएगी.

राज्य परिवहन विभाग 450 बसें चलाएगा. इनमें भवनाथ तलहटी के लिए 50 मिनी बसें, प्रमुख शहरों से जुड़ी 230 बसें और अन्य डिवीजनों से 170 बसें शामिल हैं. बस स्टेशन पर आठ कतारें और दो अतिरिक्त आरक्षण काउंटर बनाए गए हैं. सभी बसों में जीपीएस ट्रैकिंग और डिजिटल भुगतान की सुविधा होगी. परिवहन संचालन के लिए 750 से अधिक कर्मचारी तैनात किए जाएंगे.

वन विभाग ने करीब 70 संगठनों को अन्नक्षेत्र, सदाव्रत और प्रसाद वितरण की अनुमति दी है. श्रद्धालुओं से प्लास्टिक बैग और बोतलें न लाने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, धूम्रपान और ज्वलनशील वस्तुओं से बचने तथा वन क्षेत्र में तय मार्ग पर समूह में चलने की अपील की गई है.

जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, 2022 में करीब 12.19 लाख, 2023 में 16.25 लाख और 2024 में 7.84 लाख श्रद्धालु परिक्रमा में शामिल हुए थे. 2025 में निर्धारित अवधि में बारिश के कारण आयोजन नहीं हो सका था.