दिवाली के अगले दिन मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा पर्व इस साल 10 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया जाएगा. हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे शुरू होगी और 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे समाप्त होगी. उदया तिथि के आधार पर गोवर्धन पूजा की तारीख 10 नवंबर तय की गई है.

गोवर्धन पूजा 2026 का शुभ मुहूर्त

गोवर्धन पूजा के लिए मुख्य सुबह का मुहूर्त 10 नवंबर को सुबह 6:40 बजे से 8:50 बजे तक रहेगा. इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:43 बजे से दोपहर 12:26 बजे तक है. गोधूलि मुहूर्त शाम 5:30 बजे से 5:56 बजे तक रहेगा.

पूजा के अवसर पर श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा करते हैं. कई स्थानों पर अन्नकूट का आयोजन भी किया जाता है. इस दौरान अलग-अलग तरह के पकवान बनाकर भगवान को भोग लगाया जाता है. घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बनाया जाता है.

पर्व का धार्मिक महत्व

मान्यता के अनुसार, द्वापर युग में ब्रजवासी अच्छी बारिश और खुशहाली के लिए इंद्र देव की पूजा करते थे. भगवान कृष्ण ने उन्हें प्रकृति, गोवर्धन पर्वत और गायों के महत्व के बारे में बताया और इनकी पूजा करने के लिए प्रेरित किया.

कथा के मुताबिक, ब्रजवासियों द्वारा इंद्र की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा करने से इंद्र नाराज हो गए और उन्होंने तेज बारिश शुरू कर दी. तब भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुओं को बारिश से बचाया. सात दिन बाद इंद्र को अपनी भूल का एहसास हुआ और उन्होंने श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी.