ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत के मामले में जांच के दौरान वाहन की पहले से बताई गई खराबियों का पता चला है. पुलिस के अनुसार, बस के ड्राइवरों और कंडक्टर ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर के जरिए गियरबॉक्स समेत कुछ समस्याओं की जानकारी दी थी. आरोप है कि इन शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई.
पुलिस ने मामले में ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर विकास को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस मामले में दो ड्राइवरों और एक कंडक्टर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.
हादसा बुधवार रात करीब 11:20 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर 33वें किलोमीटर के पास हुआ था. दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही बस में 35 यात्री सवार थे. पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त जांच में वाहन की तकनीकी स्थिति, रखरखाव और कंपनी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है. बस पर 19 चालान के जरिए करीब 1.75 लाख रुपये का जुर्माना भी बकाया बताया गया है.
