भारत और सऊदी अरब ने हज-2027 के लिए सोमवार को द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए. भारतीय वाणिज्य दूतावास, जेद्दा के अनुसार, समझौते के तहत 1,75,025 भारतीय श्रद्धालुओं को हज यात्रा की अनुमति दी जाएगी.

समझौते पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्री तौफीक बिन फौजान अल-रबिया ने जेद्दा में हुई बैठक के बाद हस्ताक्षर किए. दोनों पक्षों ने हज-2027 की तैयारियों की समीक्षा की और समन्वय तथा लॉजिस्टिक सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की.

भारतीय वाणिज्य दूतावास के बयान के मुताबिक, दोनों मंत्रियों ने भारतीय हज यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई. हज सऊदी अरब के मक्का शहर में होने वाली वार्षिक इस्लामी तीर्थयात्रा है. शारीरिक और आर्थिक रूप से सक्षम वयस्क मुसलमानों के लिए इसे जीवन में एक बार किया जाने वाला अनिवार्य धार्मिक कर्तव्य माना जाता है.

हज इस्लामी कैलेंडर के 12वें महीने में होता है और इसमें पांच से छह दिनों के दौरान कई अनिवार्य धार्मिक रस्में निभाई जाती हैं. मक्का और अन्य पवित्र स्थलों पर उपलब्ध स्थान और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सऊदी अरब अलग-अलग देशों के लिए वार्षिक कोटा तय करता है.

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत का हज कोटा 2014 में 1,36,020 था, जो 2025 के लिए बढ़कर 1,75,025 हो गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह कोटा 2026 और 2027 के लिए भी 1,75,025 पर बना हुआ है.

रिजिजू 6 से 9 नवंबर तक सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर हैं. उनके साथ हज मामलों के संयुक्त सचिव मोहम्मद अफजल भी हैं. यात्रा के दौरान उन्होंने जेद्दा में छठे हज सम्मेलन और प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया तथा हज से जुड़े मंत्रीस्तरीय सम्मेलन में भाग लिया.

उन्होंने मक्का क्षेत्र के उप-गवर्नर प्रिंस सऊद बिन मिशाल बिन अब्दुलअजीज अल सऊद से भी मुलाकात की. इसके अलावा, रिजिजू ने भारतीय वाणिज्य दूतावास, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और हज समिति के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर हज-2027 की तैयारियों का जायजा लिया.