भारत और सऊदी अरब ने हज-2027 के लिए द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. समझौते के तहत 1,75,025 भारतीय श्रद्धालु अगले साल हज यात्रा कर सकेंगे. यह कोटा इस साल के समान है.

समझौते पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्री तौफीक बिन फौजान अल-रबिया ने जेद्दा में हस्ताक्षर किए. इससे पहले दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय बैठक कर हज-2027 की तैयारियों की समीक्षा की.

भारतीय वाणिज्य दूतावास के बयान के अनुसार, बैठक में दोनों पक्षों ने समन्वय और लॉजिस्टिक सहयोग मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की. साथ ही भारतीय हज यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई गई.

भारत का हज कोटा

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अनुसार, भारत का हज कोटा 2014 में 1,36,020 था, जो बढ़कर 2025 में 1,75,025 हो गया. यही कोटा 2026 और अब 2027 के लिए भी बरकरार रखा गया है. सऊदी अरब पवित्र स्थलों पर उपलब्ध जगह और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न देशों के लिए वार्षिक हज कोटा तय करता है.

रिजिजू 6 से 9 नवंबर तक सऊदी अरब के दौरे पर रहे. उन्होंने जेद्दा में छठे हज सम्मेलन और प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया और सऊदी अधिकारियों की अध्यक्षता में हुई मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लिया.

उन्होंने भारतीय वाणिज्य दूतावास, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और हज कमेटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की. बैठक में हज-2027 की तैयारियों का जायजा लिया गया. बयान के मुताबिक, मंत्री ने सभी संबंधित पक्षों के समन्वित प्रयासों की सराहना की.