हरिद्वार में श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े की दशनामी छड़ी यात्रा बुधवार, 14 अक्टूबर को मां माया देवी मंदिर से रवाना हुई. यात्रा शुरू होने से पहले मां माया देवी और भैरव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. इसके बाद आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने छड़ी यात्रा का शुभारंभ किया.
यात्रा उत्तराखंड के चारधाम और विभिन्न पौराणिक मंदिरों से होते हुए ओम पर्वत तक जाएगी. आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य राज्य के धार्मिक स्थलों के विकास और तीर्थाटन को बढ़ावा देना है. इसके जरिए पर्वतीय क्षेत्रों से हो रहे पलायन को रोकने और स्थानीय धार्मिक विरासत को सामने लाने की कोशिश की जा रही है.
कार्यक्रम में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मेलाधिकारी सोनिका और अपर मेलाधिकारी दयानंद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. जूना अखाड़े के साधु-संत पिछले सात वर्षों से उत्तराखंड के चारधाम और अन्य मंदिरों के भ्रमण के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं. आयोजकों ने इसे गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र की धार्मिक-सांस्कृतिक एकता तथा पर्वतीय विकास से भी जोड़ा है.
