दिवाली के अवसर पर ईरान के सुप्रीम लीडर के भारत स्थित प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही और भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फ़तहाली ने भारतीयों को शुभकामनाएं दीं. दोनों संदेशों में भारत और ईरान के ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख किया गया.

डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित शहीद-ए-सालिस की दरगाह में आयोजित चार दिवसीय मजलिस के दौरान भारतीयों के लिए दुआ की. उन्होंने दिवाली को खुशियों और रोशनी का त्योहार बताते हुए भारत और ईरान की तरक्की की कामना की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे.

इसी अवसर पर ईरानी राजदूत मोहम्मद फ़तहाली ने दूतावास के सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो संदेश जारी किया. उन्होंने हिंदी में ‘नमस्कार’ और ‘शुभ दीपावली’ कहकर भारतवासियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है.

फ़तहाली ने भारत और ईरान के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों का जिक्र करते हुए भारतीयों के लिए सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.