पंजाब के जालंधर में वाल्मीकि जयंती से जुड़े आयोजन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. आयोजकों के अनुसार, 18 अक्टूबर को वे शांति नगर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम पहुंचेंगे और श्रद्धालुओं की बसों को हरी झंडी दिखाकर श्री रामतीर्थ के लिए रवाना करेंगे.
भगवान वाल्मीकि उत्सव कमेटी के प्रधान विपन सभ्रवाल के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे आश्रम पहुंचकर माथा टेकेंगे. इसके बाद वे पैदल मार्च में शामिल होंगे और वाल्मीकि समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों करेंगे.
करीब 1,000 बसों के शामिल होने का दावा
आयोजकों ने बताया कि जालंधर से अमृतसर स्थित श्री रामतीर्थ तक निकलने वाली तीर्थयात्रा में पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से करीब 1,000 बसें पहुंचेंगी. इनके जरिए लगभग 50,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान जताया गया है. यह यात्रा भगवान वाल्मीकि के पवित्र स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से निकाली जाएगी.
कमेटी के अनुसार, शांति नगर स्थित आश्रम में 15 अक्टूबर से वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं. हालांकि वाल्मीकि जयंती 26 अक्टूबर को है, लेकिन पंजाब में इससे जुड़े आयोजन पहले से शुरू हो जाते हैं.
आयोजकों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश लोगों तक पहुंचाना है. हरियाणा और पंजाब के नेताओं की मौजूदगी के कारण यह आयोजन सामाजिक और राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
