भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी 22 सितंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी. इसे जलझूलनी एकादशी और डोल ग्यारस के नाम से भी जाना जाता है. गणेश उत्सव के दौरान आने के कारण इस तिथि पर भगवान गणेश और विष्णु की संयुक्त पूजा का विशेष महत्व बताया गया है. मंगलवार होने के कारण मंगल देव की पूजा का भी उल्लेख किया गया है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, एकादशी व्रत में अन्न का त्याग प्रमुख नियम माना जाता है. हालांकि, जो लोग पूरे दिन निराहार नहीं रह सकते, वे अपनी क्षमता के अनुसार एक बार फलाहार कर सकते हैं और दूध या फलों का रस ले सकते हैं. ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक, व्रत रखने में असमर्थ व्यक्ति भगवान विष्णु की पूजा कर सकता है. पूजा संभव न हो तो शुद्ध जल और तुलसीपत्र अर्पित करने की परंपरा भी बताई गई है.
दशमी की शाम से तैयारी
व्रत की तैयारी दशमी तिथि की शाम से शुरू करने की सलाह दी गई है. इस दिन हल्का, सुपाच्य और सात्त्विक भोजन करने की बात कही गई है. रात में गणेशजी, भगवान विष्णु और महालक्ष्मी की पूजा, ध्यान और मंत्र-जाप किया जा सकता है. विष्णु सहस्रनाम, भजन या धार्मिक प्रवचन सुनने की भी परंपरा है.
एकादशी की सुबह सूर्योदय से पहले स्नान कर सूर्यदेव को तांबे के पात्र से जल अर्पित करने और पूजा-स्थल की सफाई करने की सलाह दी गई है. इसके बाद जल और चावल लेकर व्रत का संकल्प लिया जाता है. विष्णु और लक्ष्मी की प्रतिमाओं को गंगाजल व पंचामृत से स्नान कराने, चंदन, रोली, अक्षत, धूप, दीप, फूल, तुलसी, फल और मिठाई अर्पित करने की विधि बताई गई है. पूजा के दौरान ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप किया जा सकता है.
23 सितंबर, द्वादशी को पूजा के बाद जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, पानी या फल का दान करने और किसी जरूरतमंद को भोजन कराने के बाद व्रत खोलने की सलाह दी गई है.
