छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के गतवा गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. पुलिस के अनुसार मारपीट में 74 वर्षीय जोतराम कश्यप गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई. मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर को विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई थी. राहुल ने इसकी जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी. रोहित बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई. इसके बाद रोहित, राहुल और जोतराम मोटरसाइकिल से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे.
गांव के हाईस्कूल के पास शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप ने उन्हें बातचीत के लिए रोका. पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल से उतरने के बाद तीनों पर फिर हमला किया गया. आरोप है कि शिव ने डंडे से, जबकि नारायण और संजय ने हाथ-मुक्कों और पैरों से मारपीट की.
मारपीट के दौरान जोतराम को जमीन पर पटक दिया गया, जिससे उनके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कराया और वैधानिक कार्रवाई शुरू की. SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने चारों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया.
