जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. दरख्शां अंदाराबी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि शुक्रवार की तकरीरों को एक जैसा बनाने या किसी खास विषय पर बोलने के लिए बोर्ड ने कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया है. उन्होंने कहा कि इमाम, खतीब और धार्मिक विद्वान अपनी तकरीरों के विषय स्वतंत्र रूप से तय करेंगे.
यह सफाई उस विवाद के बीच आई है, जिसमें वक्फ बोर्ड से जुड़े मस्जिदों और दरगाहों में शुक्रवार की तकरीरों के लिए साझा विषय तय करने की चर्चा सामने आई थी. रिपोर्टों के अनुसार, बोर्ड की बैठक में सामाजिक समस्याओं पर समन्वित तरीके से बात करने का विचार रखा गया था.
अंदाराबी ने कहा कि नशे की लत, युवाओं की परेशानियों, आत्महत्या और अन्य सामाजिक बुराइयों जैसे मुद्दों पर धार्मिक विद्वान चर्चा कर सकते हैं, लेकिन किसी पर विषय थोपने का फैसला नहीं हुआ. उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित कोर कमेटी में धार्मिक विद्वान शामिल होंगे और वह स्वयं उसकी सदस्य नहीं होंगी.
इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती समेत नेताओं ने धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप को लेकर सवाल उठाए थे. अंदाराबी ने राजनीतिक नेताओं से मामले को राजनीतिक रंग न देने की अपील की.
