उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम में श्रद्धालुओं के लिए जल्द अग्रिम पंजीकरण अनिवार्य किया जा सकता है. प्रशासन चारधाम यात्रा की तर्ज पर ऐसी व्यवस्था लागू करने पर विचार कर रहा है, ताकि सप्ताहांत और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित किया जा सके.

प्रस्तावित योजना के तहत श्रद्धालुओं को यात्रा से पहले पंजीकरण कराना पड़ सकता है. होटल या गेस्टहाउस की अग्रिम बुकिंग की पुष्टि के बाद ही प्रवेश की अनुमति देने का प्रस्ताव है. प्रशासन का मानना है कि इससे किसी दिन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का पहले से अनुमान लगाकर यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और शटल सेवा की बेहतर योजना बनाई जा सकेगी.

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में पंजीकरण, होटल बुकिंग सत्यापन, शटल सेवा और मंदिर परिसर में अलग-अलग प्रवेश-निकास मार्गों पर चर्चा हुई. जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इस व्यवस्था की सिफारिश राज्य सरकार से करेंगे.

बैठक में अवैध रूप से बाइक टैक्सी चलाने, निजी मोटरसाइकिल किराये पर देने और दुकानों या होटल-होमस्टे में अधिक शुल्क लेने की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए. फिलहाल पंजीकरण व्यवस्था पर अंतिम निर्णय राज्य सरकार को लेना है.