तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के वालाजाबाद के पास पुत्तग्राम गांव में मंदिर का रथ 42 साल बाद दलित बस्ती से होकर गुजरा. रविवार को अरुलमिगु श्री मुथु कोलक्की अम्मन मंदिर की रथयात्रा का ट्रायल रन जिला प्रशासन के निर्देश पर कराया गया.

रथ को दलित बस्ती से गुजारने की मांग को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. स्थानीय निवासियों की याचिका पर मद्रास हाईकोर्ट ने रथ को बस्ती तक ले जाने का निर्देश दिया था. अदालत के आदेश के बावजूद रथयात्रा लंबे समय तक नहीं हो सकी थी.

प्रवासी तमिल कल्याण मंत्री तंगम थेनारसु और वन मंत्री रंजीत कुमार ने रस्सी खींचकर ट्रायल रन की शुरुआत की. सुरक्षा के लिए जिला पुलिस अधीक्षक अरविंदन के नेतृत्व में 200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे. इनमें चार डीएसपी, दो एएसपी और 10 निरीक्षक शामिल थे.

रथ के बस्ती में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पूजा, दीपाराधना और वाद्ययंत्रों के साथ स्वागत किया. इसके बाद रथ गांव की विभिन्न गलियों से होकर मंदिर पहुंचा.