असम पेट्रो-केमिकल्स लिमिटेड (APL) और दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी (DPA) ने गुजरात के कांडला पोर्ट पर 150 टन प्रतिदिन क्षमता वाला ई-मेथनॉल संयंत्र स्थापित करने के लिए समझौता किया है. यह परियोजना असम और गुजरात के बीच स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देगी.
परियोजना के तहत DPA पोर्ट परिसर में पाइपलाइन कनेक्टिविटी, भंडारण और ईंधन हैंडलिंग की सुविधा उपलब्ध कराएगा. APL संयंत्र की स्थापना और ई-मेथनॉल के उत्पादन की जिम्मेदारी संभालेगा. इससे उत्पादन से लेकर बंदरगाह तक आपूर्ति का एकीकृत ढांचा तैयार करने की योजना है.
निवेश और रोजगार
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार, परियोजना में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का पूंजी निवेश प्रस्तावित है. इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 3,500 रोजगार अवसर बनने की उम्मीद है.
ई-मेथनॉल का उत्पादन हरित हाइड्रोजन, पकड़ी गई कार्बन डाइऑक्साइड और नवीकरणीय बिजली के इस्तेमाल से किया जाता है. इसे समुद्री परिवहन, भारी उद्योग और रसायन क्षेत्र के लिए वैकल्पिक कम-कार्बन ईंधन के तौर पर देखा जा रहा है. प्रस्तावित संयंत्र कांडला को हरित समुद्री ईंधन के उत्पादन और आपूर्ति केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक कदम है.
