कार्तिक पूर्णिमा को हिंदू धर्म में विशेष महत्व वाली तिथि माना जाता है. इस दिन श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान, मंदिरों में पूजा, दीपदान और जरूरतमंदों को दान करते हैं. धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर व्रत कथा पढ़ने या सुनने से पुण्य मिलता है.
इस तिथि को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है. इसके पीछे भगवान शिव से जुड़ी त्रिपुरासुर वध की पौराणिक कथा बताई जाती है.
तारकासुर के पुत्रों को मिला वरदान
कथा के अनुसार, भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय ने तारकासुर नाम के राक्षस का वध किया था. इसके बाद तारकासुर के तीन पुत्र—तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली—ने देवताओं से बदला लेने का निश्चय किया. तीनों ने ब्रह्मा जी को प्रसन्न करने के लिए कठोर तपस्या की और अमरता का वरदान मांगा.
ब्रह्मा जी ने अमरता देने से इनकार किया, तो तीनों ने तीन अलग-अलग नगरों का वरदान मांगा. ये नगर सोने, चांदी और लोहे के होने थे. उनकी शर्त थी कि एक हजार साल बाद तीनों नगर एक सीध में आएं और जो देवता एक ही बाण से उन्हें नष्ट करे, उसी के हाथों उनका अंत हो.
वरदान मिलने के बाद तीनों भाइयों ने अपनी शक्तियों के बल पर तीनों लोकों में उत्पात मचाना शुरू कर दिया. परेशान देवताओं ने भगवान शिव से सहायता मांगी.
एक बाण से तीनों नगरों का अंत
भगवान शिव के लिए एक दिव्य रथ तैयार किया गया. कथा में सूर्य और चंद्रमा को रथ के पहिए, हिमालय को धनुष और शेषनाग को उसकी प्रत्यंचा बताया गया है. इंद्र, यम, कुबेर और वरुण को रथ के घोड़ों के रूप में जोड़ा गया.
युद्ध के दौरान जब तीनों नगर एक सीध में आए, तब भगवान शिव ने एक ही बाण चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया. धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह घटना कार्तिक पूर्णिमा के दिन हुई थी. इसके बाद देवताओं ने दीप जलाकर भगवान शिव की पूजा की. इसी कारण इस दिन दीपदान की परंपरा और त्रिपुरारी पूर्णिमा का नाम प्रचलित हुआ.
