करवाचौथ का व्रत विवाहित महिलाएं पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सौभाग्य की कामना से रखती हैं. धार्मिक परंपरा के अनुसार, इस दिन महिलाएं सूर्योदय से लेकर रात में चंद्रमा के दर्शन और पूजा तक अन्न-जल का त्याग करती हैं. चंद्रमा को अर्घ्य देने और पूजा के बाद व्रत खोलने की परंपरा है.

उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के अनुसार, करवाचौथ पर गणेशजी, चोथ माता और चंद्रदेव की पूजा की जाती है. चतुर्थी तिथि का स्वामी गणेशजी को माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि पति-पत्नी के साथ गणेश पूजन करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और वैवाहिक जीवन में प्रेम बढ़ता है.

सुबह से शाम तक पूजा की तैयारी

व्रत के दिन सुबह सूर्यदेव को जल अर्पित कर दिन की शुरुआत करने और घर के मंदिर में पूजा के बाद व्रत का संकल्प लेने की परंपरा बताई गई है. शाम को पति-पत्नी साथ बैठकर गणेशजी और चोथ माता की पूजा कर सकते हैं. इसके लिए पूजा स्थल की सफाई कर प्रतिमा या चित्र स्थापित किया जाता है.

पूजा में गणेशजी को 21 दूर्वा, जनेऊ, चंदन, सिंदूर, अक्षत, इत्र और पूजा का धागा अर्पित किया जाता है. लड्डू का भोग लगाने के बाद कपूर से आरती की जाती है. चोथ माता को लाल चुनरी, लाल चूड़ियां और कुमकुम जैसी सुहाग सामग्री चढ़ाने की परंपरा है. पूजा के दौरान करवाचौथ की व्रत कथा पढ़ी या सुनी जाती है.

चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद व्रत पूरा

रात में चंद्रमा दिखाई देने पर जल और दूध से अर्घ्य देने, मिठाई का भोग लगाने और आरती करने की परंपरा है. इसके बाद पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के साथ व्रत खोला जाता है. चंद्र पूजा से पहले करवाचौथ माता की कथा सुनने या पढ़ने की परंपरा भी बताई गई है.