वाराणसी में 24 नवंबर को होने वाली देव दीपावली के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं. अधिकारियों के मुताबिक, काशी के पक्के घाटों, गंगा के सामने रेतीले किनारों और शहर के 100 से अधिक तालाबों में 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे. इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दीप भी शामिल होंगे.
दशाश्वमेध घाट पर शाम 5 बजे से मुख्य आयोजन होगा. यहां 51 हजार दीप जलाए जाएंगे और घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं से सजाया जाएगा. 21 अर्चक मां गंगा की महाआरती करेंगे, जिसमें 42 कन्याएं भी शामिल होंगी. कार्यक्रम में भजन प्रस्तुति के अलावा शहीद जवानों की स्मृति में जलाए गए आकाशदीपों का समापन भी होगा.
शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम
दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो, चेत सिंह घाट पर लेजर शो और काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी प्रस्तावित है. इससे पहले 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव होगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं.
नावों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए नमो घाट से अस्सी घाट तक दो तरफा मार्ग बनाया जाएगा. डीजल से चलने वाली और जिले के बाहर से आने वाली नावों पर रोक रहेगी. NDRF, जल पुलिस और बाढ़ राहत बल निगरानी करेंगे.
घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है. 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे, क्विक रिस्पॉन्स टीमें और 11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं. 31 पार्किंग स्थल, सात भारी वाहन डायवर्जन और 14 अस्पतालों को जोड़ने वाला ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार किया जाएगा. 20 से 25 नवंबर तक विशेष सफाई अभियान चलेगा.
