वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर धनतेरस और दीपावली पर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा. मंदिर प्रशासन के अनुसार, इन पर्वों के दौरान भक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे और सामान्य व्यवस्था के तहत ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी जारी रहेगी.
अन्नकूट उत्सव की तैयारियों के चलते 9 नवंबर 2026 को दोपहर की श्रृंगार भोग आरती के बाद से 10 नवंबर की शाम होने वाली सप्तऋषि आरती तक सभी श्रेणियों की टिकट बुकिंग अस्थायी रूप से बंद रहेगी. इस अवधि में आरती, सुगम दर्शन और रुद्राभिषेक से जुड़े टिकट भी उपलब्ध नहीं होंगे.
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टिकट बुकिंग बंद रहने के बावजूद श्रद्धालुओं के लिए बाबा विश्वनाथ के दर्शन बंद नहीं होंगे. तय अवधि के अलावा मंदिर की दर्शन व्यवस्था और अन्य सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी.
दीपावली और धनतेरस के अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम में फूलों और रोशनी से विशेष सजावट की तैयारी है. इसके बाद 24 नवंबर 2026 को देव दीपावली पर काशी के गंगा घाटों और मंदिर परिसर में दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में दीप जलाए जाने की योजना है.
