कवर्धा में नवरात्रि पर्व के अवसर पर 19 और 20 अक्टूबर की दरम्यानी रात पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा निकाली जाएगी. यात्रा मां दंतेश्वरी मंदिर, मां परमेश्वरी मंदिर और मां चंडी मंदिर से पंडा एवं बैगाओं द्वारा निकाली जाएगी.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शहर को सात सुरक्षा सेक्टरों में बांटा है. मुख्य मार्गों पर पुलिस बल, हाईवे पेट्रोलिंग, क्विक रिस्पॉन्स टीम और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तैनात रहेंगे. कोतवाली थाने में 200 से अधिक जवानों का रिजर्व बल तैयार रखा गया है.
यात्रा के मुख्य मार्गों और संवेदनशील चौक-चौराहों पर सीसी कैमरों के साथ ड्रोन से निगरानी की जाएगी. एकता चौक, जयस्तंभ चौक, गायत्री मंदिर चौक, महामाया मंदिर चौक और राजमहल चौक पर भीड़ नियंत्रण के लिए रस्सा पार्टियां तैनात रहेंगी. आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एकता चौक और राजमहल चौक पर विशेष कार्रवाई दल भी मौजूद रहेंगे.
यात्रा का समय और यातायात व्यवस्था
मां दंतेश्वरी मंदिर से यात्रा रात 12:20 बजे, मां परमेश्वरी मंदिर से 12:30 बजे और मां चंडी मंदिर से 12:40 बजे निकलने का समय बताया गया है. रात 8:30 बजे से 2 बजे तक राजमहल चौक और जयस्तंभ चौक से एकता चौक के बीच का मुख्य मार्ग आम वाहनों के लिए बंद रहेगा. बिलासपुर और रायपुर से राजनांदगांव जाने वाली भारी गाड़ियों और बसों को शहर के आउटर बाईपास से भेजा जाएगा. एकता चौक से महामाया मंदिर मार्ग तक सड़क किनारे पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी.
एकता चौक और राजमहल चौक पर खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं. जयस्तंभ चौक और जिला अस्पताल रोड पर मेडिकल टीम व एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी. पुलिस सहायता के लिए 112 और 919479192499 नंबर जारी किए गए हैं. पुलिस ने बच्चों की जेब में नाम, अभिभावक का नाम और फोन नंबर रखने, यात्रा के सामने धक्का-मुक्की या सेल्फी से बचने तथा अप्रमाणित खबरें साझा न करने की अपील की है.
