केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू भूटान में होने वाले 108 बौद्ध स्तूपों के निर्माण और अभिषेक समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. यह आयोजन 1 नवंबर को गेलेफू Mindfulness City में प्रस्तावित है.
रिजिजू ने बताया कि पारो हवाईअड्डे पर भूटान के प्रधानमंत्री दाशो त्शेरिंग टोबगे ने उनका स्वागत किया. इसके बाद दोनों गेलेफू के लिए रवाना हुए. गेलेफू पहुंचने पर भूटान के प्रधानमंत्री ने कार चलाकर उन्हें समारोह स्थल तक पहुंचाया.
इस आयोजन में 108 Jangchub Chortens यानी ज्ञानोदय के स्तूपों को एक ही स्थान पर एक साथ खड़ा करने और उनका अभिषेक करने की योजना है. समारोह की शुरुआत रविवार तड़के होने वाली है. आयोजकों के अनुसार, धार्मिक अनुष्ठानों में 58 पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि और सामूहिक मंत्रोच्चार शामिल होगा.
समारोह में बौद्ध परंपरा के अनुसार स्तूपों में पवित्र अवशेष, धार्मिक पांडुलिपियां, प्रतिमाएं और मंत्र रखे जाएंगे. आयोजन को भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक की परिकल्पना से जुड़ा बताया गया है. एक ही दिन और स्थान पर 108 स्तूपों के अभिषेक से विश्व रिकॉर्ड बनने की संभावना भी जताई गई है.
