कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति के बाद प्रशासन ने कई बड़े पूजा आयोजनों में लोगों का प्रवेश अस्थायी रूप से रोकने का निर्देश दिया है. हादसे में 19 लोगों की मौत हुई, जबकि 25 लोग घायल बताए गए हैं.

प्रशासन के निर्देश के बाद ताला प्रत्यय, अलीपुर सार्वोजनिन, चेतला अग्रणी और बालीगंज सार्वोजनिन समेत कई चर्चित पूजा पंडालों में प्रवेश रोक दिया गया. एलन पार्क का शो भी रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है.

संतोष मित्रा स्क्वायर पूजा समिति ने भी फिलहाल आगंतुकों का प्रवेश सीमित कर दिया है. समिति के अध्यक्ष सजल घोष ने कहा कि हर आगंतुक को अंदर आने की अनुमति नहीं दी जा सकती, इसलिए प्रवेश व्यवस्था कम कर दी गई है.

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, जहां भी अत्यधिक भीड़ की सूचना मिल रही है, वहां आयोजकों से लोगों को अंदर जाने से रोकने को कहा गया है. यह फैसला फिलहाल अस्थायी है और स्थिति की समीक्षा के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा.

बिधाननगर के सॉल्ट लेक क्षेत्र में भी प्रमुख पूजा पंडालों को बंद रखने और प्रवेश रोकने को कहा गया है. शहर में करीब 3,500 दुर्गा पूजा आयोजनों के बीच रविवार को राज्य प्रशासन और कोलकाता पुलिस के अधिकारी स्थिति की समीक्षा बैठक करेंगे.