प्रतापगढ़ के कुंडा में चल रही रामकथा के बीच पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने जनसत्ता दल के नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अगर हर जिले में राजा भैया जैसा व्यक्ति हो, तो कोई भी कथा को रोकने की क्षमता नहीं रखेगा. उनका यह बयान कथा के विरोध को लेकर सामने आई चर्चाओं के बीच आया है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदुत्व और सनातन परंपरा पर भी बात की. उन्होंने कहा कि हिंदुत्व की परंपरा में ही सनातन सुरक्षित रह सकता है. हिंदू राष्ट्र के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र है और इसे घोषित किया जाए या नहीं, यह विचार का विषय है.

उन्होंने मथुरा जाने का जिक्र करते हुए कहा कि वहां सभी को बुलाया जाएगा. उनके बयान के बाद कुंडा का धार्मिक आयोजन एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में आ गया है.

यह रामकथा कुंडा के बेंती स्थित राजभवन परिसर में राजा भैया की ओर से कराई जा रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आयोजन को लेकर कुछ सपा नेताओं की ओर से विरोध की बातें सामने आई थीं. इसके बाद राजा भैया ने कथा आयोजित कराने पर कायम रहने की बात कही थी.

धीरेंद्र शास्त्री सोमवार शाम करीब 60 सहयोगियों के साथ प्रतापगढ़ के बेंती पहुंचे थे. वह दुबई से प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट आए थे, जहां राजा भैया ने उनका स्वागत किया. इसके बाद राजा भैया उन्हें खुद गाड़ी चलाकर बेंती लेकर पहुंचे.

कथा का आयोजन योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम, हवाई पट्टी परिसर में हो रहा है. 17 से 19 नवंबर तक दोपहर 2 बजे से शाम 5 या 6 बजे तक कथा रखी गई है. 20 नवंबर को अंतिम दिन दिव्य दरबार आयोजित किया जाएगा.