प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती राजभवन परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा करेंगे. आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वीआईपी मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है.
9 सेक्टर और 7 जोन में सुरक्षा व्यवस्था
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय के अनुसार, पूरे कथा क्षेत्र को 9 सेक्टर और 7 जोन में बांटा गया है. हर जोन की जिम्मेदारी एक पुलिस उपाधीक्षक को दी गई है. सुरक्षा व्यवस्था में 1 एसपी, 3 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 6 क्षेत्राधिकारी और करीब एक हजार पुलिसकर्मी शामिल होंगे. फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रयागराज कमिश्नरेट से भी अतिरिक्त बल लगाया जाएगा.
कथा स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे. 16 से 20 नवंबर तक कुंडा में रूट डायवर्जन लागू रहेगा. इस दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी.
पंडाल, भंडारे और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था
आयोजन के लिए मुख्य पंडाल 100 फीट चौड़ा और 560 फीट लंबा बनाया गया है. इसके दोनों ओर 54-54 फीट चौड़े और 400-400 फीट लंबे अतिरिक्त पंडाल तैयार किए गए हैं. कथा के लिए 80 फीट लंबा और 48 फीट चौड़ा मंच बनाया गया है. मंच के पीछे हेलीपैड भी तैयार किया गया है.
आयोजन के अंतिम दिन दिव्य दरबार होगा. आयोजकों के मुताबिक, 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है. चारों दिन 24 घंटे भंडारे और नाश्ते की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ के अनुसार, राजस्थान के जोधपुर शिविर से 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी भी कथा में शामिल होंगे. उनके लिए अलग टेंट लगाए गए हैं. 10 बसों से उन्हें प्रयागराज संगम, अयोध्या और काशी विश्वनाथ के दर्शन कराने की योजना है. आयोजन में बाबा रामदेव, सतुआ बाबा और हैदराबाद के विधायक टी. राजा समेत अन्य संतों और राजनीतिक हस्तियों के पहुंचने की बात कही गई है.
