भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी का 99वां जन्मदिन 8 नवंबर को मनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें पत्र लिखकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके बेहतर स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की. भाजपा की ओर से इस अवसर पर पार्टी मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत पूजा और हवन से होगी.

8 नवंबर 1927 को कराची में जन्मे आडवाणी का सार्वजनिक जीवन भारत के कई महत्वपूर्ण राजनीतिक दौरों से जुड़ा रहा है. प्रधानमंत्री के पत्र के अनुसार, 1947 के विभाजन के दौरान उन्हें अपना घर और परिचित परिवेश छोड़ना पड़ा. मोदी ने लिखा कि इस पीड़ा के बावजूद आडवाणी ने नए सिरे से जीवन खड़ा किया और आगे चलकर जनसंघ को मजबूत करने तथा भारतीय जनता पार्टी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

मोदी ने आडवाणी के किन योगदानों को याद किया

प्रधानमंत्री ने आडवाणी की वैचारिक स्पष्टता और बौद्धिक प्रखरता को रेखांकित किया. उनके भाषणों, लेखन और संसदीय हस्तक्षेपों को विचारों की गहराई तथा सटीक अभिव्यक्ति का उदाहरण बताया गया. पत्र में यह भी कहा गया कि आडवाणी ने राष्ट्र प्रथम के विचार को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में स्थापित किया और जनसंघ से भाजपा तक कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियां तैयार कीं.

मोदी ने आडवाणी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की लंबी राजनीतिक साझेदारी को भारतीय लोकतंत्र की अनूठी मिसाल बताया. पत्र के मुताबिक, दोनों नेताओं ने कई दशकों तक विश्वास, सम्मान और सहयोग के साथ काम किया. आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संघर्ष का भी इसमें उल्लेख किया गया.

आडवाणी के सूचना एवं प्रसारण मंत्री, गृह मंत्री और उपप्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल को भी याद किया गया. राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ उनके रुख तथा सोमनाथ से अयोध्या तक की रथयात्रा को उनके राजनीतिक जीवन के निर्णायक अध्यायों में शामिल किया गया.

प्रधानमंत्री ने आडवाणी की सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, निजी जीवन में सादगी और अध्ययनशीलता का उल्लेख किया. उनकी पुस्तक ‘माई कंट्री माई लाइफ’, सिंधी संस्कृति से जुड़ाव और सिंधु दर्शन को लोकप्रिय बनाने में योगदान की भी चर्चा की गई. वर्ष 2024 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था.