लंदन के ब्रेंट और किंग्सबरी इलाके में प्री-नवरात्रि गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. किंग्सबरी स्थित JFS स्कूल हॉल में हुए इस समारोह में लंदन और आसपास के क्षेत्रों से गुजराती परिवार, युवा और गरबा प्रेमी शामिल हुए. किंग्सबरी को गुजराती समुदाय के बीच ‘लंदन का मिनी अहमदाबाद’ भी कहा जाता है.

कार्यक्रम में शामिल लोग पारंपरिक भारतीय परिधानों में पहुंचे. महिलाओं ने रंग-बिरंगी चणिया-चोली और साड़ियां पहनीं, जबकि कई पुरुष कुर्ता-पायजामा में नजर आए. सजावट और परिधानों के कारण हॉल में नवरात्रि जैसा माहौल बन गया.

समारोह का मुख्य आकर्षण वडोदरा की गायिका हिमाली जोशी की प्रस्तुति रही. रात 8 बजे संगीत कार्यक्रम शुरू हुआ. उनकी प्रस्तुति में पारंपरिक और लोकप्रिय गरबों को शामिल किया गया, जिन पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने गरबा किया. परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचे लोगों ने देर रात तक नृत्य का आनंद लिया.

गरबा कार्यक्रम के बीच पारंपरिक आरती भी आयोजित की गई. उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लिया. इसके बाद थोड़े विराम के बाद फिर गरबा शुरू हुआ और कार्यक्रम रात 11 बजे तक चला.

इस आयोजन का प्रबंधन समाजसेवक और कम्युनिटी एक्टिविस्ट ‘जेज’ ने किया. समारोह के समापन पर प्रतिभागियों ने आयोजन को लेकर खुशी जताई. कार्यक्रम ने लंदन में बसे गुजराती समुदाय के बीच आगामी नवरात्रि के उत्साह को बढ़ाया और लोगों को सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर दिया.