त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और सांतरागाछी के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. ट्रेन दोनों दिशाओं में चार-चार साप्ताहिक फेरे लगाएगी. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र में इसका ठहराव गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ में रहेगा.

मुंबई से सांतरागाछी जाने वाली ट्रेन

ट्रेन नंबर 01107 LTT-सांतरागाछी पूजा स्पेशल 6 से 27 अक्टूबर 2026 तक हर मंगलवार LTT से चलेगी. यह ट्रेन रात 8:20 बजे रवाना होगी. अगले दिन गोंदिया में दोपहर 12:04 से 12:06 बजे, दुर्ग में 2:15 से 2:20 बजे, रायपुर में 2:55 से 3 बजे, बिलासपुर में 4:45 से 4:55 बजे और रायगढ़ में 6:33 से 6:35 बजे ठहरेगी. ट्रेन तीसरे दिन सुबह 5 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी.

वापसी का समय

ट्रेन नंबर 01108 सांतरागाछी-LTT पूजा स्पेशल 8 से 29 अक्टूबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी. सांतरागाछी से इसका प्रस्थान सुबह 11 बजे होगा. यह रायगढ़ में रात 8:08 से 8:10 बजे और बिलासपुर में 10:25 से 10:35 बजे रुकेगी. इसके बाद रायपुर में रात 12:05 से 12:10 बजे, दुर्ग में 1:10 से 1:15 बजे और गोंदिया में 3:08 से 3:10 बजे ठहराव के बाद रात 9:30 बजे LTT पहुंचेगी.

ट्रेन में कुल 22 LHB कोच होंगे. इनमें 15 AC-III, 3 AC-II, 1 AC-I, 2 पावरकार और 1 पेंट्रीकार शामिल हैं. दोनों दिशाओं में ठाणे, कल्याण, ईगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, मलकापुर, अकोला, बडनेरा, नागपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और खड़गपुर में भी ठहराव रहेगा. यात्रियों को यात्रा से पहले NTES या RailOne ऐप पर संचालन दिवस और समय की पुष्टि करने की सलाह दी गई है.