बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री लुधियाना में कथा के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भावुक हो गए. सामने आए वीडियो में वह मंच पर रोते और रुंधे गले से लोगों से बात करते दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो बागेश्वर धाम सरकार के आधिकारिक Instagram हैंडल पर भी साझा किए जाने की बात कही गई है.
धीरेंद्र शास्त्री ने लोगों से कहा कि दुनिया पर भरोसा नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा, “यह जगत बड़ा अजीब है. यहां मुर्दों को उठाया जाता है और जिंदा को गिराया जाता है.” उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में मृत लोगों की पूजा होती है, जबकि जीवित लोगों की परवाह नहीं की जाती.
अमीर-गरीब के फर्क का जिक्र
अपने संबोधन में उन्होंने आर्थिक असमानता का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब व्यक्ति को कोई नहीं पूछता. उन्होंने कहा कि अमीर लोग मंच पर आकर तस्वीर खिंचवा लेते हैं, जबकि गरीब भीड़ में खड़े होकर तालियां बजाते रह जाते हैं.
धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बचपन के संघर्षों को याद करते हुए बताया कि उन्होंने करीब 15 साल तक भीख मांगी और परिवार के साथ एक झोपड़ी में रहे. उनके अनुसार, उस समय घर में रोशनी के लिए बल्ब तक नहीं था और कभी-कभी मिट्टी के दीपक के लिए कोई केरोसिन दे देता था.
उन्होंने कहा कि एक समय वह एक ही कुर्ता ढाई-ढाई साल तक पहनते थे. रक्षाबंधन पर उनकी बहन मिठाई के बजाय चीनी से उनका मुंह मीठा कराती थीं. उन्होंने गरीबी को बड़ा अभिशाप बताते हुए कहा कि उनकी मां ने उन्हें सिखाया था कि दुनिया से कुछ मांगने के बजाय उस ईश्वर से मांगना चाहिए, जिसने दुनिया बनाई है.
