मदुरै के मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे के दौरान करीब दो मिनट बिजली गुल होने के मामले में मंदिर प्रशासन ने जूनियर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर एस. जानकीरमन को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. निलंबन 31 अक्टूबर से प्रभावी माना गया है.
उपराष्ट्रपति 30 अक्टूबर को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के साथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे. मंदिर प्रशासन के आदेश के अनुसार, दर्शन पूरा होने के बाद जब उपराष्ट्रपति ईस्ट चिथिराई स्ट्रीट पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, तभी बिजली आपूर्ति बाधित हुई और मंदिर परिसर में अंधेरा छा गया.
प्रशासन ने कार्रवाई हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती अधिनियम, 1959 की धारा 56(1) के तहत की है. जानकीरमन को 15 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है. आदेश के अनुसार, वह कार्रवाई के खिलाफ 30 दिनों के भीतर अपील भी कर सकते हैं.
तमिलनाडु के बिजली मंत्री आर. निर्मल कुमार ने घटना को ग्रिड फेलियर के बजाय स्थानीय तकनीकी खराबी बताया. उनके अनुसार, वीआईपी दौरे से पहले बिजली आपूर्ति को जनरेटर पर स्थानांतरित किया जा रहा था, उसी दौरान यह समस्या आई.
