सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी है. यह अनुमति केवल इस साल की रस्म के लिए और एक बार के तौर पर दी गई है. अदालत ने आयोजन को लेकर कई शर्तें भी तय की हैं.

विवाद पहाड़ी पर मौजूद प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर दीप जलाने को लेकर है. यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह से करीब 50 मीटर दूर बताया गया है. अब तक कई दशकों से दीप पहाड़ी की निचली ढलान पर बने दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है. हिंदू संगठनों की मांग दीपथून पर दीप जलाने की रही है.

सीमित टीम और जिला कलेक्टर की निगरानी

कोर्ट के निर्देश के मुताबिक रस्म मंदिर प्रशासन की ओर से बनाई गई सीमित टीम पूरी करेगी. टीम में कितने लोग होंगे और उसमें कौन शामिल होगा, यह मदुरै के जिला कलेक्टर तय करेंगे. इसके लिए वे मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और मदुरै पुलिस कमिश्नर से सलाह लेंगे.

जिला कलेक्टर ही रस्म का समय, रास्ता और अवधि तय करेंगे तथा पूरी व्यवस्था की निगरानी करेंगे. पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था संभालने का निर्देश दिया गया है. जरूरत पड़ने और संभव होने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की मदद भी ली जा सकती है.

अदालत ने स्पष्ट किया कि इस साल दीप जलाने की अनुमति से पहाड़ी पर प्रवेश, कब्जे या नियंत्रण का कोई नया अधिकार नहीं मिलेगा. इसे स्थायी धार्मिक परंपरा या अगले वर्षों में अनुमति मांगने के आधार के रूप में भी इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा.

निर्माण और ढांचे में बदलाव पर रोक

ASI को स्थल के संरक्षण के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय तय करने को कहा गया है. पहाड़ी पर खुदाई, निर्माण या किसी ढांचे में बदलाव नहीं किया जा सकेगा. मौजूदा पूजा स्थलों पर परंपरागत पूजा जारी रहेगी और दरगाह व मस्जिद तक कानूनी रूप से आने-जाने में बाधा नहीं होनी चाहिए.

जिला कलेक्टर को मामले का नोडल अधिकारी बनाया गया है. उन्हें त्योहार के तीन दिन के भीतर अदालत में रिपोर्ट देनी होगी और बताना होगा कि आयोजन के दौरान कोई ऐसी कानूनी, भौतिक या सुरक्षा संबंधी समस्या आई या नहीं, जिसे निर्देशों के तहत दूर नहीं किया जा सका.

जनवरी 2027 में होगी अगली सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट ने धार्मिक दावों, संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 के तहत धार्मिक स्वतंत्रता तथा धार्मिक परंपराओं से जुड़े मामलों में न्यायिक समीक्षा की सीमा जैसे सवालों पर सभी पक्षों से जवाब मांगा है. पक्षों को छह सप्ताह में जवाब दाखिल करना होगा. इसके बाद प्रत्युत्तर के लिए तीन सप्ताह का समय दिया गया है. मामले पर अगली सुनवाई जनवरी 2027 के दूसरे सप्ताह में होगी.

नवंबर 2025 में अधिकारियों ने दरगाह से नजदीकी और कानून-व्यवस्था की आशंका का हवाला देकर दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी थी. इसके बाद मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच ने दिसंबर 2025 में मंदिर प्रशासन को रस्म की अनुमति दी थी. 6 जनवरी 2026 को खंडपीठ ने भी यह आदेश बरकरार रखा, जिसके बाद तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया. फैसले के बाद पहाड़ी के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है.