सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी है. यह अनुमति केवल 24 नवंबर 2026 को होने वाली रस्म के लिए है. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि दीप जलाने के लिए मंदिर प्रशासन की सीमित टीम और अधिकृत अधिकारी ही पहाड़ी पर जा सकेंगे. आम लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी.
दीपथून पर दीप जलाने को लेकर सुब्रमण्य स्वामी मंदिर प्रशासन और पहाड़ी के पास स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद है. दीपथून दरगाह से करीब 50 मीटर दूर बताया गया है. मंदिर में कई दशकों से कार्तिगई दीपम पहाड़ी की निचली ढलान पर बने दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है. हिंदू संगठनों की मांग है कि रस्म पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून पर हो, जबकि दरगाह प्रबंधन निचली ढलान पर चली आ रही परंपरा का हवाला देता है.
सुप्रीम कोर्ट में आगे भी चलेगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाईकोर्ट के आदेश के कुछ हिस्सों पर रोक लगाते हुए अपीलों से जुड़े अन्य पक्षों को नोटिस जारी किए हैं. अदालत ने कहा कि मामले में धार्मिक दावों, संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 के तहत धार्मिक स्वतंत्रता तथा धार्मिक परंपराओं की न्यायिक समीक्षा की सीमा जैसे अहम कानूनी सवाल जुड़े हैं.
पक्षों को छह सप्ताह में जवाब दाखिल करना होगा. इसके बाद जवाब पर अपना पक्ष रखने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया गया है. मामले की अगली सुनवाई जनवरी 2027 के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है.
हाईकोर्ट के आदेश के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
नवंबर 2025 में अधिकारियों ने दरगाह से दीपथून की नजदीकी और कानून-व्यवस्था की आशंका का हवाला देते हुए वहां दीप जलाने की अनुमति नहीं दी थी. दिसंबर 2025 में मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच के एकल जज ने मंदिर प्रशासन को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया. 6 जनवरी 2026 को खंडपीठ ने भी आदेश बरकरार रखा और ASI तथा पुलिस से समन्वय कर रस्म पूरी करने को कहा.
तमिलनाडु सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. सरकार ने तर्क दिया था कि दरगाह के पास स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति देने से देशभर के ऐसे सर्वे स्तंभों को धार्मिक पहचान देने की मांग उठ सकती है.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहाड़ी के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है. पुलिस की तैनाती कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई है. थिरुपरनकुंड्रम का सुब्रमण्य स्वामी मंदिर भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थानों में शामिल माना जाता है और मंदिर को छठी शताब्दी का बताया जाता है.
