रायपुर में माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया गया. लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिक्के का अनावरण किया. कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे.
यह स्मारक सिक्का भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है. माता साहिब हासी देवी रायपुर स्थित पूज्य शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश थीं. आयोजकों के अनुसार, सिंधी समाज की विभूति के सम्मान में सिक्का जारी होना समाज के लिए महत्वपूर्ण अवसर है.
सिक्के पर माता हासी देवी की छवि अंकित की गई है. इसके एक हिस्से पर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है. आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, सिक्के के जरिए माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है.
स्मारक सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे. कार्यक्रम में संत डॉ. युधिष्ठिर लाल, राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सिंधी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
