मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के कल्याण-इगतपुरी रेलखंड स्थित कसारा यार्ड में तीसरी लाइन परियोजना और तकनीकी सुधारों के लिए ट्रैफिक व पावर ब्लॉक लिया गया है. इसके चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मार्ग से गुजरने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा.

16 अक्टूबर को चलने वाली हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजलि एक्सप्रेस नियमित मार्ग के बजाय जलगांव, नंदुरबार, वसई रोड और ठाणे होकर मुंबई पहुंचेगी. हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस, एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस, हावड़ा मेल और हटिया एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनों को प्रारंभिक स्टेशन से दो से सात घंटे की देरी से रवाना किया जाएगा.

त्योहारों में यात्रियों को कंफर्म सीट उपलब्ध कराने के लिए हटिया और लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन के तीन-तीन फेरे चलेंगे. हटिया से ट्रेन 12, 19 और 26 अक्टूबर को शाम 4:20 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 10:10 बजे एलटीटी पहुंचेगी. वापसी में एलटीटी से 13, 20 और 27 अक्टूबर को रात 11:50 बजे प्रस्थान होगा.

ट्रेन दोनों दिशाओं में राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे समेत प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इसमें कुल 22 कोच होंगे—एसी फर्स्ट-कम-सेकंड, दो एसी सेकंड, सात एसी थर्ड, छह स्लीपर, चार सामान्य और दो पावर व एसएलआरडी कोच.