नवसारी में आयोजित ‘शिवांजली नवरात्रि 2026’ में इस बार स्थानीय और ग्रामीण कलाकारों को बड़े मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर मिला. आयोजन के 12 साल के इतिहास में पहली बार गांवों से 40 से अधिक कलाकारों का चयन किया गया. इनमें विद्यार्थियों सहित स्थानीय गायक और छोटे कलाकार शामिल हैं.

संगीत शिक्षक हिरेन आहीर के मार्गदर्शन में ‘भक्ति वृंद गायक वृंद’ की टीम ने गरबा कार्यक्रम के लिए तैयारी की. टीम में 9 लीड सिंगर्स और 12 से 13 कोरस सिंगर्स समेत 40 से अधिक कलाकार शामिल रहे. आयोजकों के अनुसार, कलाकारों ने पिछले छह महीनों से लगातार अभ्यास किया था.

कार्यक्रम में कलाकारों ने पारंपरिक और शुद्ध संगीत के साथ गरबा प्रस्तुत किया. आयोजन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना और बड़े आयोजनों में आमतौर पर नामाांकित कलाकारों को मिलने वाली प्राथमिकता के बीच नए कलाकारों को अवसर देना था.

आयोजन से जुड़े डॉ. अंकित देसाई के अनुसार, गरबा मैदान में आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है और नौ दिनों के लिए नौ रंगों की थीम रखी गई है. मैदान की सजावट माता के नौ स्वरूपों और इन रंगों की थीम पर की गई है.

कार्यक्रम में शामिल खिलाड़ी प्रकृति देसाई ने आयोजन के माहौल को सकारात्मक और अनुशासित बताया. उनके अनुसार, यहां महिलाओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है. आयोजकों का कहना है कि उचित मार्गदर्शन और लगातार अभ्यास से स्थानीय कलाकार बड़े मंच पर पेशेवर प्रस्तुति दे सकते हैं.