नोएडा निवासी 30 वर्षीय सार्थक चौहान ने रामेश्वरम से अयोध्या तक करीब 2,500 किलोमीटर की साइकिल यात्रा 16 दिनों में पूरी की. वे शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे. यह उनकी लगातार तीसरे वर्ष की यात्रा है, जिसे उन्होंने भगवान राम की यात्रा से प्रेरित बताया.

सार्थक ने बताया कि वे हर साल दशहरा के दिन रामेश्वरम में पूजा के बाद यात्रा शुरू करते हैं और दीपोत्सव के समय अयोध्या पहुंचते हैं. इस बार उन्होंने अकेले साइकिल चलाई और रास्ते में सात राज्यों को पार किया. उनके अनुसार, यह यात्रा भारत की विविधता और संस्कृति को करीब से समझने का अच्छा माध्यम है.

पिछले वर्षों में सार्थक अपनी साइकिलिंग टीम के साथ यात्रा कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि अगले वर्ष करीब 50 साइकिल सवारों के साथ यह यात्रा करने की योजना है. कनाडा और इंग्लैंड के कुछ लोगों ने भी इस अभियान में शामिल होने में रुचि दिखाई है.

अयोध्या पहुंचने के बाद सार्थक ने कहा कि शहर हर वर्ष अधिक भव्य दिखाई दे रहा है. उन्होंने देश और उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उन्हें अकेले साइकिल यात्रा करने का भरोसा मिला. उन्होंने दीपोत्सव को अब पूरे भारत का उत्सव बताया.