अमेरिका के ओहायो राज्य में हिंदू मंदिर पर ईंटों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना शुक्रवार दोपहर रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण हिंदू मंदिर वडतालधाम में हुई. हमले में मंदिर की खिड़कियां टूट गईं.

घटना के समय मंदिर परिसर में पुजारी और कुछ श्रद्धालु मौजूद थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने मंदिर की इमारत पर ईंटें फेंकीं. अब तक किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने बताया कि घटना से जुड़े निगरानी कैमरे के फुटेज अधिकारियों द्वारा देखे जा रहे हैं. संगठन ने मामले की जानकारी FBI और नागरिक अधिकार अधिकारियों को देने की बात कही है.

कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका ने रिचमंड हाइट्स के मेयर और स्थानीय पुलिस से घटना की निंदा करने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है.

अभी तक किसी संदिग्ध का नाम सामने नहीं आया है और न ही किसी गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है. संगठनों ने इसे संभावित घृणा अपराध बताया है, लेकिन धार्मिक मकसद की औपचारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.