पाकिस्तान के 104 सिख श्रद्धालुओं के लिए हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा मुश्किल हो गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत ने इस जत्थे के सदस्यों को हेमकुंड साहिब समेत अमृतसर, दिल्ली, आनंदपुर साहिब और ऋषिकेश जाने के लिए वीजा जारी किया था.
हालांकि, अटारी-वाघा भूमि सीमा से भारत में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने के कारण श्रद्धालुओं को दुबई, नेपाल या ओमान जैसे तीसरे देशों के रास्ते यात्रा करनी पड़ रही है. इस वैकल्पिक मार्ग से प्रति यात्री करीब 1,75,000 पाकिस्तानी रुपये का अतिरिक्त खर्च बताया गया है.
जत्थे के नेता पपिंदर सिंह वडेरा के मुताबिक, बढ़ी हुई लागत के चलते कुछ परिवारों ने चार सदस्यों के बजाय केवल दो को भेजने का फैसला किया, जबकि कई लोगों ने यात्रा रद्द कर दी. विशेष सीमा अनुमति के अनुरोध भी सीमा बंद होने का हवाला देकर खारिज किए जाने की बात कही गई है.
रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा पाबंदियां ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद लागू की गई थीं. हेमकुंड साहिब उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित प्रमुख सिख तीर्थस्थल है और वहां की वार्षिक यात्रा सीमित मौसम में होती है.
