पितृ पक्ष की द्वितीया तिथि पर उन दिवंगत परिजनों के लिए तर्पण, श्राद्ध और धूप-ध्यान किया जाता है, जिनका निधन किसी भी महीने की द्वितीया तिथि को हुआ हो. इन कर्मकांडों में तर्पण यानी जल अर्पित करना प्रमुख माना जाता है.

ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के अनुसार, पितरों को तर्पण देते समय हथेली में जल लेकर उसे अंगूठे की ओर से छोड़ा जाता है. धार्मिक मान्यता में अंगूठे और तर्जनी उंगली के नीचे के बीच वाले हिस्से को ‘पितृतीर्थ’ कहा गया है. माना जाता है कि यह स्थान पितरों से संबंधित है, इसलिए इसी ओर से जल अर्पित करने की परंपरा है.

देवपूजा और पितृ तर्पण की विधि अलग

मान्यता के अनुसार, देवी-देवताओं को जल चढ़ाते समय हथेली के आगे वाले हिस्से का उपयोग किया जाता है. इसे देवकार्य के लिए उपयुक्त माना गया है. वहीं, पितरों के लिए तर्पण करते समय अंगूठे की ओर से जल छोड़ने की परंपरा बताई गई है. यह विवरण धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है.

पितृ पक्ष में धूप-ध्यान के लिए उपलब्ध सामग्री के अनुसार विधि अपनाई जा सकती है. सामग्री पूरी न हो तो पानी, तिल, गोबर के उपले के अंगारे, गुड़ और घी से श्रद्धापूर्वक पितरों का स्मरण किया जा सकता है. इच्छानुसार खीर-पूरी से भी धूप देने की परंपरा बताई गई है.