प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 नवंबर 2026 को गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थित अंबाजी मंदिर जाएंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस दौरान वे मंदिर में दर्शन करेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे.
अंबाजी मंदिर उत्तर गुजरात में स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. इसे 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है और श्रद्धालुओं के लिए इसका विशेष धार्मिक महत्व है.
प्रधानमंत्री का अंबाजी दौरा उनके 13 और 14 नवंबर के कर्नाटक-गुजरात कार्यक्रम का हिस्सा है. गुजरात पहुंचने से पहले 13 नवंबर को वे कर्नाटक में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे.
कर्नाटक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री बेंगलुरु स्थित प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे. वे 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे. इसके अलावा बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.
प्रधानमंत्री मैसूरु में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और COSMOS-Mysuru Planetarium का उद्घाटन करेंगे. PMO के मुताबिक, कर्नाटक में शहरी परिवहन, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम बुनियादी ढांचे, कचरा प्रबंधन और रेलवे कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाएं भी कार्यक्रम में शामिल हैं.
कार्यक्रम के अनुसार, मोदी 13 नवंबर की रात करीब 9 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचेंगे. वे गांधीनगर स्थित लोक भवन में रात्रि विश्राम के बाद 14 नवंबर को अंबाजी के लिए रवाना होंगे.
