प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह 11 बजे दिल्ली के भारत मंडपम में ‘चिन्मय अमृत महोत्सव’ का उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम के दौरान वे लोगों को संबोधित भी करेंगे. यह आयोजन 23 से 25 अक्टूबर तक तीन दिनों तक चलेगा. आयोजकों के अनुसार, इसमें देश और विदेश से 9 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे.
यह महोत्सव चिन्मय मिशन की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सालभर चले कार्यक्रमों की अंतिम कड़ी है. चिन्मय मिशन की शुरुआत 1951 में स्वामी चिन्मयानंद ने की थी. मिशन का उद्देश्य भगवद्गीता और वेदों के ज्ञान को आम लोगों तक सरल तरीके से पहुंचाना रहा है.
सालभर चले धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
महोत्सव से जुड़े सालभर के आयोजनों की शुरुआत पिछले साल हुई थी. इस दौरान तमिलनाडु में इलैयाराजा के संगीत वाली तमिल भगवद्गीता जारी की गई थी. देश के अलग-अलग हिस्सों में हवन आयोजित किए गए और त्रिपुरा में मां सौंदर्या चिन्मयी मंदिर की स्थापना की गई.
इसके अलावा ऑनलाइन पाठ में दुनिया भर के एक लाख से अधिक लोगों ने एक साथ भगवद्गीता के 15वें अध्याय का पाठ किया. ‘गीता पंचामृत’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. गीता का संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए 15 युवाओं ने देशभर में 40 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा की.
