राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगी. दौरे के पहले दिन रायपुर के लोकभवन में माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा. कार्यक्रम दोपहर 12:45 से 1 बजे के बीच प्रस्तावित है. इसी अवसर पर माता हासी देवी के सम्मान में विशेष डाक टिकट भी जारी किया जाएगा.
राष्ट्रपति शाम 4 बजे बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में शामिल होंगी. आयोजन में 200 से अधिक विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना बताई गई है.
रायपुर में इन मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा
राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान एयरपोर्ट से लोकभवन और लोकभवन से इंडोर स्टेडियम तक रास्तों पर रोक और डायवर्जन की व्यवस्था रहेगी. शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा क्षेत्र में यातायात प्रभावित होने की संभावना है. सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी बताई गई है.
स्मारक सिक्के का निर्माण भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में किया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार इसका वजन 35 ग्राम है और इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल तथा 5 प्रतिशत जस्ता इस्तेमाल किया गया है. विमोचन के बाद श्रद्धालुओं और सिक्का संग्रहकर्ताओं के लिए बुकिंग की सुविधा शदाणी दरबार की इकाइयों और कोलकाता टकसाल की वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराने की बात कही गई है.
23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति
दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति जगदलपुर में आयोजित मुरिया दरबार कार्यक्रम में शामिल होंगी. शदाणी दरबार की परंपरा 18वीं सदी से जुड़ी बताई जाती है. रायपुर स्थित तीर्थ की नींव 20 जनवरी 1988 को रखी गई थी. यहां धार्मिक आयोजनों के साथ मानव सेवा और समाज कल्याण से जुड़े कार्य भी किए जाते हैं.
