रायपुर सेंट्रल जेल में नवरात्रि के अवसर पर काली माता सेवा समिति ने करीब 1300 बंदियों को फल वितरित किए. समिति के अनुसार, यह सेवा उन बंदियों के लिए की गई, जो नवरात्रि में उपवास रखकर माता रानी की आराधना कर रहे हैं.
समिति के अध्यक्ष दीपक भारद्वाज (पोल्ले) ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बंदियों के प्रति मानवीय संवेदना और सेवा भाव का संदेश देना है. उनके अनुसार, किसी व्यक्ति की गलती या अपराध से उसके सुधरने और बेहतर जीवन जीने की संभावना खत्म नहीं हो जाती.
सुधार और पुनर्वास की भावना पर जोर
समिति ने कहा कि समाज को न्याय के प्रति सम्मान बनाए रखने के साथ सुधार और पुनर्वास की भावना को भी महत्व देना चाहिए. उसके मुताबिक, बंदियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में मदद करता है.
समिति ने बताया कि वह पहले भी जेल में बंदियों को फल वितरित कर चुकी है. समिति के अनुसार, नवरात्रि केवल पूजा-पाठ और उपवास का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और सद्भावना को अपनाने का अवसर भी है.
कार्यक्रम में अशोक त्रिपाठी, गुड्डू, सुनील प्रमुख, राजू भाई तारवानी और रामकृष्ण धीवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे. समिति ने सेवा और सद्भावना से जुड़े ऐसे प्रयास आगे भी जारी रखने की बात कही.
