रायपुर में चार दिवसीय छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं. छठ पूजा 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगी और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद इसका समापन होगा. आयोजन समिति के अनुसार, इस दौरान शहर के 70 से अधिक घाटों और तालाबों पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे.

महादेवघाट स्थित छठ महापर्व आयोजन समिति ने इस वर्ष व्यापक स्तर पर आयोजन की तैयारी की है. खारुन नदी के महादेवघाट, व्यास तालाब और अन्य तालाबों के किनारे पूजा होगी. नवा रायपुर अटल नगर में झांझ तालाब के किनारे भी आयोजन प्रस्तावित है. समिति, जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से घाटों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई का काम किया जा रहा है.

चार दिनों में होंगे प्रमुख अनुष्ठान

कार्यक्रम के अनुसार, 13 नवंबर को नहाय-खाय होगा. 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा. 15 नवंबर की शाम श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे. 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत और पूजा का समापन होगा. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा.

महादेवघाट पर 15 नवंबर की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा. आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के अनुसार, लोक गायिका गायत्री यादव, लोक गायक मुकुल सिंह और लोक गायिका इशरत जहां केडिया छठ गीत प्रस्तुत करेंगी. छत्तीसगढ़ी कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू सांस्कृतिक गीतों की प्रस्तुति देंगे. प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम नृत्य नाटिका और झांकी पेश करेगी.

छठ सूर्य उपासना और छठी मइया को समर्पित पर्व है. इसमें पवित्र स्नान, व्रत, प्रसाद तैयार करने और डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है. रायपुर के अलावा बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, कोरबा, बस्तर और छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों में भी छठ पूजा आयोजित की जाएगी.