रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसिद्ध कालीबाड़ी मंदिर और दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचकर मां काली तथा मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की. उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की. मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने का आशीर्वाद भी मांगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्ति की आराधना का यह पावन अवसर लोगों को आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ता है. उन्होंने मां दुर्गा को शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनकी आराधना जीवन की चुनौतियों का साहस के साथ सामना करने और सत्य, धर्म व सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है.
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और धार्मिक आस्था से भी है. पर्व और उत्सव सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर देते हैं. ऐसे आयोजन समाज के अलग-अलग वर्गों को जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों से परिचित कराते हैं.
किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए मंगलकामना
सीएम साय ने कहा कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा के अवसर पर पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है. उन्होंने मातृशक्ति के सम्मान और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया. मुख्यमंत्री ने किसानों के खेतों में समृद्धि, युवाओं के सपनों को नई उड़ान और माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली की कामना की.
पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर और पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा उन्हें नवरात्रि और दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं. श्रद्धालुओं और समाजजनों ने उनका स्वागत किया. इस दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा, बंगाली कालीबाड़ी समिति रायपुर के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.
