रायपुर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार रात 8 बजे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के शांति नगर स्थित निवास कार्यालय में होगी. कांग्रेस के नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत भी इसमें शामिल होंगे. प्रदेश प्रभारी नियुक्त होने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है.

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सुखदेव भगत दोपहर में रायपुर पहुंचेंगे. इसके बाद वे राजीव भवन जाएंगे, जहां शाम 5:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी. शाम 6:30 बजे वे राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में शामिल होंगे. इसके बाद रात 8 बजे कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक और डिनर का कार्यक्रम रखा गया है.

बैठक में डॉ. चरणदास महंत के साथ कांग्रेस विधायक मौजूद रहेंगे. पार्टी ने बैठक का विस्तृत एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार विधायक दल से जुड़े विषयों के साथ प्रदेश में संगठन की स्थिति और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा हो सकती है.

28 सितंबर को भी भगत की कई बैठकें प्रस्तावित हैं. सुबह वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों से मिलेंगे और इसके बाद कनेक्ट सेंटर की टीम के साथ चर्चा करेंगे. दोपहर में वे एआईसीसी के निर्देश पर जिला कलेक्ट्रेट तक प्रस्तावित विरोध मार्च में शामिल होंगे.

शाम 4 बजे फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों और शाम 5 बजे अनुशासन समिति के साथ बैठक का कार्यक्रम है. इसके बाद उनके दिल्ली रवाना होने की जानकारी दी गई है.